दिनाँक 23/07/2025 नई दिल्ली
बिहार में वोटर लिस्ट को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने मंगलवार को बताया कि राज्य की मतदाता सूची से कुल 51 लाख नाम हटाए जाएंगे। यह फैसला स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत की गई जांच के बाद लिया गया है।
चुनाव आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक:
- 18 लाख लोग मृत पाए गए हैं, जिनके नाम अब भी वोटर लिस्ट में हैं।
- 26 लाख लोग दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में जा चुके हैं।
- 7 लाख लोगों के नाम दो अलग-अलग जगहों पर दर्ज हैं।
इस तरह कुल मिलाकर 51 लाख नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाएंगे।
1 अगस्त को आएगी नई वोटर लिस्ट
चुनाव आयोग ने यह भी कहा कि 1 अगस्त 2025 को नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की जाएगी। इसमें यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी सही और पात्र मतदाता शामिल हों।
6.5 लाख से ज़्यादा लोग जुटे खोजबीन में
बिहार में इस काम के लिए बड़ी संख्या में लोग लगाए गए हैं:
- 1 लाख बीएलओ (ब्लॉक लेवल ऑफिसर)
- 4 लाख वॉलंटियर
- 1.5 लाख बीएलए (बूथ लेवल एजेंट)
ये लोग उन मतदाताओं की तलाश कर रहे हैं जिन्होंने अब तक अपना गणना फॉर्म (EF) जमा नहीं किया है या जो अपने पते पर नहीं मिले।
राजनीतिक दलों को भी मिली जानकारी
चुनाव आयोग ने बताया कि सभी 12 प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बातचीत की गई है और उन्हें जानकारी दी गई है।
- 21.36 लाख लोगों की सूची उन्हें दी गई है जिनके फॉर्म अब तक नहीं मिले हैं।
- इसके अलावा 52.30 लाख लोगों की लिस्ट भी साझा की गई है जिनकी मृत्यु हो चुकी है, वे दूसरी जगह चले गए हैं, या जिनके नाम दो जगह रजिस्टर्ड हैं।
1 अगस्त से दर्ज करा सकते हैं आपत्ति
आयोग ने कहा कि जो लोग ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नाम जोड़ना, हटाना या सुधार कराना चाहते हैं, वे 1 अगस्त से 1 सितंबर 2025 तक अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
इस पूरी प्रक्रिया का मकसद मतदाता सूची को सही, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि आने वाले चुनाव निष्पक्ष रूप से हो सकें।


