राज्य में चलाया जा रहा मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0, जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम-राजस्थान

“2.0 के पहले चरण में 5 हजार से अधिक गांवों में 3 हजार 500 करोड़ रुपये की लागत से काम करवाये जा रहे”

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि राजस्थान में चलाए जा रहे मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0 के पहले चरण में 5 हजार से अधिक गांवों में 3 हजार 500 करोड़ रुपये की लागत से काम करवाये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान राज्य में जल संरक्षण और जल स्वावलंबन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। श्री शर्मा ने कल गुजरात के सूरत में जल संचय-जन भागीदारी-जन आंदोलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान की जल आवश्यकता को समझते हुए वर्ष 2003 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश को नर्मदा का पानी उपलब्ध करवाया।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ही राजस्थान और मध्यप्रदेश के मध्य ईआरसीपी परियोजना का एमओयू तथा हरियाणा और राजस्थान के बीच यमुना जल समझौता हुआ। उन्होंने कहा कि देश में जल संचय के क्षेत्र में ’कैच द रेन’ कैम्पेन चलाया जा रहा है। ये अभियान जन आंदोलन बनेगा, जिससे जन भागीदारी बढ़ेगी और जल संचय होगा।