Satvik Samachar

सत्य और भरोसे की खबर

ऊना: ऑपरेशन सिंदूर में घायल जवानों के परिजनों से मिले उप मुख्यमंत्री, दी हिम्मत और समर्थन का भरोसा

दिनाँक 13/05/2025 नई दिल्ली

ऊना, 13 मई : हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को ऑपरेशन सिंदूर में घायल हुए हरोली विधानसभा क्षेत्र के दो वीर जवानों के परिवारों से मुलाकात की। बाथू गांव के बीएसएफ उप निरीक्षक व्यास देव और छेत्रा गांव के सिख रेजिमेंट के जवान गुरनाम सिंह उर्फ ‘रोमी’ इन दिनों आर्मी हॉस्पिटल जम्मू में इलाज करवा रहे हैं।

ड्रोन हमले में गंभीर रूप से घायल हुए व्यास देव के घर जाकर उप मुख्यमंत्री ने उनकी पत्नी परमजीत कौर से बात की और उनके साहस को सलाम किया। उन्होंने कहा कि व्यास देव ने अपनी एक टांग गंवाने के बाद भी जो हिम्मत दिखाई है, वह पूरे देश को गर्व महसूस कराता है।

इसके बाद उप मुख्यमंत्री छेत्रा गांव पहुंचे और घायल जवान गुरनाम सिंह के माता-पिता और पत्नी से मिलकर उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि ऐसे वीर जवान देश की असली ताकत हैं और सरकार हर मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़ी है।

उप मुख्यमंत्री ने दोनों जवानों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। इस मौके पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।