धनबाद में सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत, मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे बाहर

दिनाँक 06/07/2025 नई दिल्ली

धनबाद के राजगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा जीटी रोड पर डोमनपुर पेट्रोल पंप के पास हुआ। दोनों युवक मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे और कार से जा रहे थे। हादसा इतना जबरदस्त था कि मौके पर ही दोनों की जान चली गई।

मृतकों की पहचान साहिल कृष्णानी और अनमोल सिंह के रूप में हुई है। दोनों कोलकाता में रहकर बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे थे और गहरे दोस्त थे। गुरुवार को ही वे कोलकाता से धनबाद लौटे थे।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह कार अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। किसी राहगीर ने तुरंत परिजनों को फोन कर जानकारी दी। परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

साहिल कृष्णानी धनबाद के बैंक मोड़ इलाके के रहने वाले थे। उनके पिता विशाल कृष्णानी का बैंक मोड़ में कपड़ों का बड़ा शोरूम है। वहीं, अनमोल सिंह धनसार थाना क्षेत्र के जोड़ाफाटक के रहने वाले थे। उनके पिता हृदयाल सिंह की ऑटो पार्ट्स की दुकान है।

पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

More From Author

नोएडा में शातिर ठगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 03 लग्जरी गाड़ियां और 05 लाख रुपये बरामद

अर्जेंटीना की राजधानी में प्रधानमंत्री मोदी को मिला ‘Key to the City’ सम्मान