दिनाँक 14/07/2025 नई दिल्ली
तिलक नगर में झगड़े के बाद दो दोस्तों की मौत
पश्चिम दिल्ली के तिलक नगर इलाके में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। यहां दो गहरे दोस्त आपस में झगड़ पड़े और बात इतनी बढ़ गई कि दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। इस वारदात में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान संदीप और आरिफ के रूप में हुई है। दोनों ख्याला बी ब्लॉक में अपने-अपने परिवार के साथ रहते थे। पुलिस के मुताबिक, संदीप प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था और पहले जिम ट्रेनर भी रह चुका था। दोनों शादीशुदा थे और उनके बच्चे भी हैं। अचानक हुए इस झगड़े और दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल भेज दिए हैं और मामले की जांच जारी है।
पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश
एक दूसरी घटना में, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के सुभाष प्लेस थाने में एक आरोपी ने हिरासत से भागने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सौरभ अहमद (28) को 23 जून को उत्तर प्रदेश के मऊ से एक लूट के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
अहमद पर अपने साथियों के साथ 4.5 लाख रुपये लूटने का आरोप था। पुलिस ने लूट की रकम में से 2.52 लाख रुपये भी बरामद किए थे। 11 जुलाई को थाने में पूछताछ के दौरान अहमद ने थाने की पहली मंजिल से कूदकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे फिर से पकड़ लिया।
फिलहाल उससे पूछताछ चल रही है और बाकी रकम व हथियार की तलाश की जा रही है।







