वैश्विक समस्याओं के समाधान में भारतीय युवा शक्ति की भूमिका अहम : ओम बिरला

दिनाँक 10/06/2025 नई दिल्ली

जोधपुर, 10 जून : लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) जोधपुर में ‘लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स – II’ का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारत की युवा शक्ति आज दुनिया की बड़ी समस्याओं का हल ढूंढने में अहम भूमिका निभा रही है। बिरला ने कहा कि देश के युवा अब सिर्फ नौकरी पाने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बन रहे हैं।

अपने संबोधन में ओम बिरला ने बताया कि भारत आधुनिक विज्ञान और अपनी पुरानी आध्यात्मिक विरासत के संतुलन के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के साथ भारतीय पारंपरिक मूल्यों का मेल देश के नवाचार और विकास को नैतिक और टिकाऊ बना रहा है।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि देश के स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने में IITs की बड़ी भूमिका है। आज भारतीय युवा अपने हुनर और नए आइडियाज़ के कारण दुनियाभर में पहचान बना रहे हैं। उन्होंने युवाओं से ‘विकसित भारत’ बनाने की दिशा में साथ चलने का आह्वान भी किया।

बिरला ने कहा कि आज भारत आत्मनिर्भर बन रहा है — फिर चाहे वो खिलौने हों या रक्षा उपकरण। डिजिटल तकनीक के साथ मिलकर देश आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को केवल पढ़ाई तक सीमित न रहने, बल्कि नवाचार और रिसर्च को बढ़ावा देने वाले केंद्र बनाने की बात भी कही।

IIT जोधपुर की तारीफ करते हुए ओम बिरला ने कहा कि यह संस्थान कठिन परिस्थितियों के बावजूद देश में नई तकनीक, रिसर्च और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा दे रहा है। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ने ‘रिसर्च इनिशिएटिव ग्रांट’ भी दी और संस्थान की नई वेबसाइट लॉन्च की। साथ ही परिसर में एक पौधा लगाकर पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया।

More From Author

लॉस एंजिल्स: अवैध प्रवासियों के खिलाफ एक्शन से हालात तनावपूर्ण

हनीमून पर गई महिला ने पति की हत्या कर प्रेमी संग रची साजिश, यूपी के गाजीपुर से गिरफ्तार