Satvik Samachar

सत्य और भरोसे की खबर

पहलगाम आतंकी हमले के बाद सख्त एक्शन, अमित शाह ने सभी राज्यों को पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान के आदेश दिए

दिनाँक 25/04/2025 नई दिल्ली

नई दिल्ली: पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। इसी को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को देश के सभी मुख्यमंत्रियों से बात की। उन्होंने कहा कि अपने-अपने राज्यों में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान करें और उन्हें जल्द से जल्द वापस भेजने की व्यवस्था करें।

ये कदम उस फैसले के बाद उठाया गया है जिसमें भारत ने पाकिस्तान के नागरिकों को दिए गए वीजा रद्द कर दिए हैं।

इसी बीच, अमित शाह ने सिंधु जल संधि पर भी बैठक की। इसमें केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल और बड़े अधिकारी शामिल हुए। भारत ने पहलगाम हमले के बाद इस संधि को भी निलंबित कर दिया है।

दूसरी तरफ, सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी श्रीनगर पहुंचे। वहां सेना के अधिकारियों ने उन्हें मौजूदा हालात और आतंकियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन्स की जानकारी दी। सुबह नियंत्रण रेखा (LoC) पर पाकिस्तान की ओर से कुछ इलाकों में गोलीबारी भी हुई, जिसका भारतीय सेना ने कड़ा जवाब दिया।

हमले के बाद सेना ने पहलगाम और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। संदिग्ध जगहों की घेराबंदी की गई है और हेलीकॉप्टर से भी निगरानी रखी जा रही है।

प्रदेश में आम लोगों और कई संगठनों ने इस आतंकी हमले के खिलाफ सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं।