रोहित शर्मा पर टिप्पणी को लेकर भड़के खेल मंत्री, कांग्रेस और TMC पर साधा निशाना
“केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस और टीएमसी को खिलाड़ियों को अकेला छोड़ देना चाहिए क्योंकि वे अपने पेशेवर जीवन को संभालने में पूरी तरह सक्षम हैं।”
दिनाँक 04/03/2025 नई दिल्ली
क्रिकेटर रोहित शर्मा पर कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेताओं की हालिया टिप्पणियों को लेकर केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को खिलाड़ियों के पेशेवर जीवन में दखल नहीं देना चाहिए और ऐसे बयान पूरी तरह से शर्मनाक और दयनीय हैं।
“खिलाड़ियों को अकेला छोड़ दें” – मंडाविया
मनसुख मंडाविया ने ट्वीट कर कहा, “कांग्रेस और TMC को खिलाड़ियों को अकेला छोड़ देना चाहिए, क्योंकि वे अपने करियर को खुद संभालने में सक्षम हैं।” उन्होंने बॉडी शेमिंग और एथलीटों की आलोचना करने वाली टिप्पणियों की निंदा करते हुए कहा कि यह खिलाड़ियों की मेहनत और बलिदान को कमतर आंकने जैसा है।
कांग्रेस और TMC नेताओं की टिप्पणियां
टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने कांग्रेस नेता डॉ. शमा मोहम्मद की टिप्पणियों का समर्थन किया था, जिसमें उन्होंने रोहित शर्मा को “मोटा” और “भारत का सबसे अप्रभावी कप्तान” बताया था।
इस विवाद के बाद खेल मंत्री ने साफ किया कि खेल और खिलाड़ियों को राजनीति से दूर रखना चाहिए और भारत के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के सम्मान की रक्षा की जानी चाहिए।
