पहलगाम हमले पर शाहिद अफरीदी की टिप्पणी पर भड़के शिखर धवन, कहा- पहले ही इतना गिर चुके हो, और कितना गिरोगे
दिनाँक 28/04/2025 नई दिल्ली
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पूरे देश में गुस्सा और दुख है। इसी बीच पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी ने भारतीय सेना को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया, जिससे माहौल और गरमा गया। अफरीदी के बयान पर अब टीम इंडिया के पूर्व ओपनर शिखर धवन ने करारा जवाब दिया है।
शिखर धवन ने अफरीदी पर निशाना साधते हुए कहा — “तुम लोग पहले ही इतना गिरे हुए हो, और कितना गिरोगे। वेवजह कमेंट्स पास करने से अच्छा है अपने देश की तरक्की में दिमाग लगाओ। हमें अपनी इंडियन आर्मी पर गर्व है। भारत माता की जय, जय हिंद।”
दरअसल, शाहिद अफरीदी ने पाकिस्तानी मीडिया से बातचीत में कहा था कि “हिंदुस्तान में पटाखा फट जाता है तो पाकिस्तान का नाम लगा दिया जाता है। 8 लाख फौज कश्मीर में है और फिर भी ये हुआ। इसका मतलब तुम लोग नालायक और निकम्मे हो। इंडिया का मीडिया तो हमले के एक घंटे बाद बॉलीवुड फिल्म बन जाता है।”
शाहिद अफरीदी ही नहीं, पाकिस्तान के कई पूर्व क्रिकेटर्स भी भारत के खिलाफ अजीबोगरीब बयानबाजी कर रहे हैं। इसके बाद भारत के पूर्व क्रिकेटरों ने भी मोर्चा खोल दिया है। सौरव गांगुली और मोहम्मद अजहरुद्दीन ने आईसीसी टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ किसी भी तरह का मैच खेलने से इनकार करने की मांग की है।
पूरे देश में इस बयान को लेकर अफरीदी की जमकर आलोचना हो रही है और सोशल मीडिया पर भी लोग अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।
