“नोएडा में 21 फरवरी से 10 मार्च तक सरस आजीविका मेला 2025, ग्रामीण महिलाओं के उत्पाद होंगे आकर्षण का केंद्र”
दिनाँक 20/02/2025 नई दिल्ली
ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित सरस आजीविका मेला-2025 नोएडा के शिल्प हाट, सेक्टर-33 में 21 फरवरी से 10 मार्च तक चलेगा। इस मेले का मकसद ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देना और ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इस बार मेले की थीम “लखपति दीदी की निर्यात क्षमता का विकास” रखी गई है, जिसमें 400 से ज्यादा महिला उद्यमी अपने उत्पादों के साथ शामिल होंगी।
क्या खास रहेगा इस मेले में?
- 20 राज्यों से 80 महिला उद्यमियों के समूह पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाएंगे।
- हस्तशिल्प, हैंडलूम, साड़ी, ड्रेस मैटेरियल, सिल्क, होम डेकोर जैसे उत्पाद मिलेंगे।
- 2024 में इस मेले ने 14 करोड़ रुपये का व्यापार किया था, जो साल-दर-साल बढ़ रहा है।
- ग्रामीण महिलाओं को अपना उत्पाद बेचने और निर्यात के नए अवसर खोजने का मंच मिलेगा।
ग्रामीण विकास मंत्रालय का खास आयोजन
इस मेले का आयोजन केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय और राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान (NIRDPR) द्वारा किया जा रहा है। पिछले साल के मेले में 28 राज्यों की 400 से ज्यादा महिला शिल्प कलाकारों ने हिस्सा लिया था और 85 सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए थे।
यह मेला ग्रामीण भारत की कला, संस्कृति और हुनर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की एक शानदार पहल है।


