“रेखा गुप्ता बनीं दिल्ली की नई मुख्यमंत्री, रामलीला मैदान में भव्य शपथ ग्रहण समारोह“
दिनाँक 21/02/2025 नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी की नेता रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। रामलीला मैदान में हुए इस भव्य समारोह में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उन्हें शपथ दिलाई। उनके साथ प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह सहित छह अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण की।
भाजपा के दिग्गज नेता समारोह में हुए शामिल
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत पार्टी का शीर्ष नेतृत्व मौजूद रहा। इसके अलावा राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस, गोवा के सीएम प्रमोद सावंत और आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू जैसे कई राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी समारोह में शामिल हुए।
भव्य मंच और खास तैयारियां
शपथ ग्रहण समारोह के लिए तीन अलग-अलग मंच बनाए गए थे।
- मुख्य मंच – जहां पीएम मोदी, उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना, नवनियुक्त मुख्यमंत्री और मंत्रियों के अलावा NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री मौजूद थे।
- दूसरा मंच – जहां धर्मगुरु और विशिष्ट अतिथि बैठे थे।
- तीसरा मंच – जहां संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के कलाकारों की प्रस्तुति हुई।
दिल्ली को नंबर-1 शहर बनाने का संकल्प
मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद रेखा गुप्ता ने दिल्ली के विकास का संकल्प लिया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के विजन को पूरा करना मेरी प्राथमिकता होगी। यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि देश की हर मां-बेटी का सम्मान है।”
उन्होंने यह भी कहा, “हमने चुनाव प्रचार के दौरान जो भी वादे किए हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा। दिल्ली को न सिर्फ अच्छा शासन मिलेगा, बल्कि इसे भारत का नंबर-1 शहर भी बनाया जाएगा।”
यमुना घाट का दौरा करेंगी मुख्यमंत्री और मंत्री
शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनकी कैबिनेट के मंत्री यमुना नदी का दौरा करेंगे। वे नदी की सफाई और स्वच्छता की स्थिति का आकलन करेंगे।
इस शपथ ग्रहण के साथ ही भाजपा ने 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी कर ली है, और अब नई सरकार दिल्ली के विकास की ओर बढ़ने के लिए तैयार है।


