हिमाचल के मंडी में बारिश का कहर, ठुनाग गांव में भारी तबाही — कई लोग लापता, 5 की मौत
दिनाँक 03/07/2025 नई दिल्ली
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में मंगलवार को भारी बारिश ने जमकर तबाही मचाई। खासकर सराज विधानसभा क्षेत्र के ठुनाग गांव में हालात बेहद खराब हो गए। लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण इस गांव का बाकी इलाके से सारा संपर्क कट गया। हैरानी की बात यह रही कि इस बड़े हादसे की जानकारी प्रशासन को भी समय पर नहीं मिल पाई।
गांव के कुछ लोग मुश्किल से पहाड़ पार कर मंडी पहुंचे और हादसे की जानकारी दी। बताया गया कि इस आपदा में 5 लोगों की मौत हो चुकी है और दर्जनभर लोग अब भी लापता हैं। स्थानीय विधायक, पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने खुद इलाके का दौरा किया। उन्होंने कहा कि बारिश ने सराज और नाचन विधानसभा क्षेत्रों में भारी नुकसान किया है। कई सड़कें बंद हैं और बिजली-पानी की सप्लाई ठप हो गई है।
जयराम ठाकुर ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में अधिकारियों से बात की है और राहत-बचाव का काम तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री से भी बातचीत कर हालात की जानकारी दी गई है। फिलहाल प्रशासन और राहत टीमें मौके पर पहुंचने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन खराब मौसम और टूटे रास्तों की वजह से दिक्कतें आ रही हैं।
