प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्रीलंका दौरे पर, हुआ भव्य स्वागत

दिनाँक 05/04/2025 नई दिल्ली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार को दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर श्रीलंका पहुंचे। कोलंबो हवाई अड्डे पर उनका जोरदार स्वागत हुआ। बारिश के बावजूद श्रीलंका के छह वरिष्ठ मंत्री खुद हवाई अड्डे पर मौजूद थे। इनमें विदेश मंत्री विजिथा हेराथ, स्वास्थ्य मंत्री नलिंदा जयतीसा, श्रम मंत्री अनिल जयंथा, मत्स्य मंत्री रामलिंगम चंद्रशेखर, महिला एवं बाल कल्याण मंत्री सरोजा सवित्री पॉलराज और विज्ञान व प्रौद्योगिकी मंत्री क्रिशांथा अबेसेना शामिल थे।

पीएम मोदी ने इस आत्मीय स्वागत के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर धन्यवाद देते हुए लिखा, “कोलंबो पहुंचकर बहुत खुशी हुई। स्वागत करने वाले सभी मंत्रियों और लोगों का आभार। श्रीलंका में होने वाले कार्यक्रमों को लेकर उत्साहित हूं। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता विकास, सांस्कृतिक रिश्तों और क्षेत्रीय सहयोग पर बातचीत करेंगे।

थाईलैंड से श्रीलंका पहुँचे पीएम मोदी

इससे पहले पीएम मोदी थाईलैंड की यात्रा पर थे, जहां उन्होंने थाई प्रधानमंत्री पैंतोगटार्न शिनावात्रा के साथ द्विपक्षीय बैठक की और BIMSTEC सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने भूटान, बांग्लादेश और नेपाल के नेताओं से भी मुलाकात की।

अनुराधापुर में करेंगे परियोजनाओं का उद्घाटन

प्रधानमंत्री मोदी अनुराधापुर भी जाएंगे, जहां वे भारत की मदद से बनी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं के ज़रिए भारत और श्रीलंका के बीच सहयोग को और मजबूत करने की कोशिश की जाएगी। यह प्रधानमंत्री मोदी की श्रीलंका की दूसरी यात्रा है। इससे पहले वे 2019 में वहां गए थे।

प्रवासी भारतीयों में उत्साह

श्रीलंका में रहने वाले भारतीय समुदाय ने भी प्रधानमंत्री का दिल से स्वागत किया। कोलंबो की सड़कों पर भारतीय झंडे लहराते दिखे और लोग बेहद उत्साहित नजर आए। प्रवासी भारतीय प्रियांका ने कहा, “हम बहुत खुश हैं। पीएम मोदी ने भारत को दुनिया में एक मज़बूत देश बनाया है। यह यात्रा भारत और श्रीलंका के रिश्तों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

More From Author

घिबली-स्टाइल AI इमेज जनरेटर पर बवाल, OpenAI की प्राइवेसी पॉलिसी पर उठे सवाल

दिल्ली में लागू होगी आयुष्मान भारत योजना, गरीबों को मिलेगा मुफ्त इलाज