प्रधानमंत्री मोदी ने बागेश्वर धाम में कैंसर अस्पताल का शिलान्यास किया
दिनाँक 24/02/2025 नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित बागेश्वर धाम में 218 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कैंसर अस्पताल का शिलान्यास किया। इस अस्पताल में प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत माता हीरा बेन के नाम पर एक वार्ड बनाया जाएगा।
साइंस और रिसर्च सेंटर का भी शिलान्यास
पीएम मोदी ने इस मौके पर रिमोट के जरिए साइंस और रिसर्च सेंटर का भी शिलान्यास किया। इससे पहले उन्होंने बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना की और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की मां से मुलाकात की।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने पीएम मोदी के दौरे को ऐतिहासिक बताया
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने प्रधानमंत्री मोदी के बागेश्वर धाम आगमन को क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत की ताकत लगातार बढ़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के नेताओं से सीधे संवाद करते हैं और देश के जवानों और किसानों की भलाई के लिए काम कर रहे हैं।
36 महीनों में पूरा होगा अस्पताल निर्माण
इस कैंसर अस्पताल को 36 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। 10.925 हेक्टेयर जमीन पर बनने वाले इस अस्पताल के पहले चरण में 100 बिस्तरों की सुविधा होगी। अत्याधुनिक मशीनों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की मदद से गरीब कैंसर मरीजों का यहां निशुल्क इलाज किया जाएगा।
