Satvik Samachar

सत्य और भरोसे की खबर

भारत और इजराइल के बीच कृषि क्षेत्र में साझेदारी मजबूत, कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर

दिनाँक 09/04/2025 नई दिल्ली

नई दिल्ली में आज मंगलवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और इजराइल के कृषि मंत्री एवी डिचटर के बीच अहम बैठक हुई। इस दौरान दोनों देशों ने कृषि क्षेत्र में सहयोग को बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए।

बैठक में खाद्य सुरक्षा और जलवायु परिवर्तन जैसी भविष्य की चुनौतियों से मिलकर निपटने पर गहराई से चर्चा हुई। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दोनों देश ऐसे बीज विकसित करने पर काम करेंगे जो गर्म जलवायु में भी ज्यादा उत्पादन दे सकें। उन्होंने बताया कि इजराइल की आधुनिक कृषि तकनीकों से भारत को काफी कुछ सीखने को मिल सकता है।

चौहान ने कहा कि भारत में खेतों का आकार छोटा होता है, इसलिए सरकार की कोशिश है कि कम जमीन पर भी खेती को लाभदायक बनाया जा सके। उन्होंने मिट्टी की गिरती गुणवत्ता को लेकर चिंता जताई और रासायनिक खादों व कीटनाशकों के सीमित उपयोग पर जोर दिया।

बैठक के बाद दोनों मंत्री दिल्ली के पूसा स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI) पहुंचे, जहां उन्होंने साथ मिलकर पेड़ लगाए और 1998 में भारत-इजराइल सहयोग से बने ग्रीनहाउस का दौरा किया।

शिवराज सिंह चौहान ने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि भारत-इजराइल के संयुक्त प्रयासों से विकसित संरक्षित खेती की तकनीकों को देखकर उन्हें खुशी हुई, और यह साझेदारी भविष्य में किसानों के लिए बहुत फायदेमंद साबित होगी।