संसद विवाद: भाजपा सांसद प्रताप सारंगी और मुकेश राजपूत की हालत स्थिर, अस्पताल की पुष्टि

“संसद परिसर में एनडीए और इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने विरोध प्रदर्शन किया, जहां दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई। इस झड़प में दो भाजपा सांसद घायल हो गए। भाजपा सांसद प्रताप चंद्र सारंगी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक अन्य सांसद को धक्का दिया, जिससे वह घायल हो गए”

दिनाँक 20/12/2024

नई दिल्ली : गुरुवार को भारतीय संसद में एनडीए और इंडिया ब्लॉक के सांसदों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हाथापाई हो गई, जिसमें भाजपा सांसद प्रताप चंद्र सारंगी और मुकेश राजपूत घायल हो गए। दोनों नेताओं की हालत अब स्थिर है, और उनका इलाज दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में हो रहा है। अस्पताल के डॉक्टर अजय शुक्ला ने बताया कि उनकी मेडिकल रिपोर्ट ठीक है, और कुछ अन्य रिपोर्ट्स आने वाली हैं।

भाजपा सांसद प्रताप सारंगी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक अन्य सांसद को धक्का दिया, जिससे वह उनके ऊपर गिर गए। इस दौरान सारंगी को सिर पर चोट लगी, और उन्हें तुरंत इलाज के लिए एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया।इस घटना के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया। भाजपा ने राहुल गांधी पर हमला और उकसाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। वहीं, कांग्रेस ने भाजपा सांसदों पर उनके नेताओं, खासकर मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाया।

राहुल गांधी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जब वह संसद में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे, तो भाजपा सांसदों ने उन्हें रोकने, धक्का देने और धमकाने का प्रयास किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे को भी धक्का दिया गया।

More From Author

MCD बैठक: ‘बाबासाहेब का अपमान नहीं सहेंगे’, AAP पार्षदों ने भाजपा पर निशाना साधा, सदन में हंगामा

डोनाल्ड ट्रंप की धमकी बेअसर! व्यापार मुद्दों पर साथ आएंगे भारत और चीन, जानें फायदे