विश्व पर्यावरण दिवस 2025 पर प्रधानमंत्री मोदी ने लगाया सिंदूर का पौधा, वीरांगना महिलाओं को किया नमन
दिनाँक 05/06/2025 नई दिल्ली
विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अपने सरकारी आवास 7, लोक कल्याण मार्ग, नई दिल्ली में सिंदूर का पौधा रोपा। यह पौधा उन्हें हाल ही में गुजरात के कच्छ दौरे के दौरान 1971 के भारत-पाक युद्ध में अदम्य साहस दिखाने वाली वीरांगना महिलाओं के एक समूह ने भेंट किया था।
1971 की वीरांगनाओं का योगदान
प्रधानमंत्री ने इस मौके पर उन वीर महिलाओं को याद किया, जिन्होंने 1971 के युद्ध में भुज एयरफोर्स की बमबारी से टूटी हवाई पट्टी को सिर्फ 72 घंटों में दोबारा तैयार कर दिया था। 300 से ज्यादा महिलाओं ने बिना अपनी जान की परवाह किए भारतीय वायुसेना की मदद की थी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “यह पौधा हमारे देश की नारीशक्ति के शौर्य और प्रेरणा का प्रतीक बना रहेगा।”
ऑपरेशन सिंदूर और पर्यावरण दिवस का संदेश
इस पौधारोपण का खास महत्व इसलिए भी है क्योंकि हाल ही में 6-7 मई को भारतीय सेना ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया था। इस ऑपरेशन में पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी ठिकाने ध्वस्त किए गए थे। प्रधानमंत्री ने इसे भारत की जीरो टॉलरेंस नीति और नारीशक्ति की ताकत का प्रतीक बताया।
सिंदूर का पौधा: परंपरा और पर्यावरण का मेल
जिस पौधे को प्रधानमंत्री ने लगाया, उसे बिक्सा ओरेलाना कहा जाता है। इसे आमतौर पर सिंदूर का पौधा, अन्नाटो या कमिला ट्री कहा जाता है। इसके फलों से लाल रंग का पाउडर निकलता है, जिसका इस्तेमाल सिंदूर और पारंपरिक प्रसाधनों में होता है। साथ ही, यह पौधा एंटीबायोटिक और एंटीसेप्टिक गुणों से भरपूर होता है और पर्यावरण के लिए भी फायदेमंद है।
प्रधानमंत्री का संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर कहा कि इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम ‘प्लास्टिक प्रदूषण को खत्म करना’ है। उन्होंने ‘मिशन लाइफ’ के तहत पर्यावरण-संरक्षण, संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और सतत जीवनशैली को अपनाने की अपील भी की।
