न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री ने किया भारतीय युद्धपोत आईएनएस सूरत का दौरा

दिनाँक 20/03/2025 नई दिल्ली

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन गुरुवार को मुंबई पहुंचे और भारतीय नौसेना के स्वदेशी युद्धपोत आईएनएस सूरत का दौरा किया। उनके साथ न्यूजीलैंड नेवी के प्रमुख रियर एडमिरल गेरिन गोल्डिंग भी मौजूद थे। भारतीय नौसेना की पश्चिमी कमान के प्रमुख वाइस एडमिरल संजय जे सिंह ने उनका स्वागत किया और भारतीय नौसेना की क्षमताओं के बारे में जानकारी दी।

क्रिस्टोफर लक्सन 19 से 24 मार्च तक भारत के दौरे पर हैं। इस दौरान न्यूजीलैंड की नौसेना का जहाज एचएमएनजेडएस ते काहा भी मुंबई के तट पर लंगर डाले हुए है। यह यात्रा भारत और न्यूजीलैंड की नौसेनाओं के बीच सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

आईएनएस सूरत – भारत की ताकत का नया प्रतीक

मुंबई के दौरे के दौरान न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री को युद्धपोत आईएनएस सूरत की आधुनिक तकनीक, जटिल डिज़ाइन और जबरदस्त युद्ध क्षमताओं के बारे में जानकारी दी गई। यह स्वदेशी निर्देशित मिसाइल विध्वंसक युद्धपोत है, जिसे भारतीय नौसेना ने डिज़ाइन किया है और मुंबई के मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स ने तैयार किया है। इसे इसी साल 15 जनवरी को नौसेना में शामिल किया गया था। खास बात यह है कि इस पोत में 75% से अधिक स्वदेशी सामग्री का इस्तेमाल हुआ है, जो आत्मनिर्भर भारत का एक शानदार उदाहरण है।

भारत-न्यूजीलैंड के बीच बढ़ता नौसेना सहयोग

न्यूजीलैंड नेवी के प्रमुख रियर एडमिरल गेरिन गोल्डिंग ने भारतीय नौसेना के वाइस एडमिरल संजय सिंह से मुलाकात कर रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इसके अलावा, उन्होंने मुंबई के गौरव स्तंभ पर पुष्पांजलि अर्पित कर भारत के वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी।

न्यूजीलैंड का नौसैनिक जहाज मुंबई यात्रा के दौरान कई द्विपक्षीय गतिविधियों में हिस्सा लेगा। जब यह जहाज मुंबई से रवाना होगा, तब वह भारतीय नौसेना के साथ समुद्री साझेदारी अभ्यास में भी भाग लेगा, जिससे दोनों देशों के बीच नौसैनिक सहयोग और मजबूत होगा।

More From Author

भारत दौरे पर बिल गेट्स, पीएम मोदी और कई नेताओं से की मुलाकात

बिहार विधानसभा में मोबाइल देखकर सवाल पूछने पर भड़के नीतीश कुमार