Satvik Samachar

सत्य और भरोसे की खबर

हंगामे के बीच लोकसभा में नया आयकर बिल 2025 पास, विपक्ष ने लगाया लोकतंत्र से धोखे का आरोप

दिनाँक 11/08/2025 नई दिल्ली

विपक्ष के हंगामे के बीच सोमवार को सरकार ने नया आयकर बिल 2025 लोकसभा से पास करा लिया। इसके साथ ही कराधान कानून (संशोधन) विधेयक भी पारित हो गया। पिछले कई दिनों से विपक्ष के विरोध के कारण लोकसभा की कार्यवाही बार-बार रुक रही थी, लेकिन आज सरकार ने दो बिल पास कराने के साथ-साथ राज्यसभा में गोवा विधानसभा एसटी आरक्षण बिल, दो खेल से जुड़े बिल और मणिपुर से जुड़े तीन विधेयक भी पेश कर दिए।

इन विधेयकों को पेश करने के दौरान भी विपक्ष का हंगामा जारी रहा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह लोकतंत्र के साथ धोखा है और इसकी रक्षा होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब चर्चा की बात आती है, तो सरकार कहती है कि हाउस ऑर्डर में नहीं है, लेकिन बिल पारित कर दिए जाते हैं।

आज सुबह केंद्रीय संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने मीडिया से कहा था कि सरकार लोकसभा और राज्यसभा में कुछ अहम विधेयक पास कराएगी।