Satvik Samachar

सत्य और भरोसे की खबर

मुर्शिदाबाद हिंसा के बाद 400 से ज्यादा हिंदू पलायन को मजबूर, सुवेंदु अधिकारी ने ममता सरकार पर लगाया आरोप

दिनाँक 14/04/2025 नई दिल्ली

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में हाल ही में हुई हिंसा के बाद अब इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। इस हिंसा के चलते धुलियान क्षेत्र से 400 से ज्यादा हिंदू परिवारों को अपने घर छोड़ने पड़े और वे मालदा जिले के लालपुर हाई स्कूल में शरण लेने को मजबूर हो गए हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुवेंदु अधिकारी ने इस घटना को लेकर ममता बनर्जी सरकार पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर कुछ वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “धार्मिक कट्टरपंथियों के डर से लोग अपने ही राज्य में सुरक्षित नहीं हैं। बंगाल में धार्मिक उत्पीड़न हकीकत है।”

सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इससे कट्टरपंथी तत्वों को बढ़ावा मिला है और हिंदू समुदाय के लोग डर के माहौल में जीने को मजबूर हैं।

अधिकारी द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में एक शख्स ने दावा किया कि उसका घर जला दिया गया और पुलिस मौके से भाग गई, कोई मदद नहीं मिली। अधिकारी ने मांग की कि बीएसएफ और राज्य पुलिस मिलकर लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करें।

पुलिस के मुताबिक, हिंसा की शुरुआत शुक्रवार रात वक्फ (संशोधन) अधिनियम के खिलाफ हुए विरोध से हुई, जिसमें भीड़ ने हमला किया और कथित तौर पर तीन लोगों की मौत हो गई। कई गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया गया। फिलहाल पुलिस का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है।