दिनाँक 28/06/2025 नई दिल्ली
दिल्ली और एनसीआर में धीरे-धीरे मानसून सक्रिय होने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 28 और 29 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, 28 जून को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और शाम या रात के समय तेज हवाओं के साथ बिजली की चमक और बारिश हो सकती है। नमी का स्तर भी घटकर 70% से 55% तक आ सकता है।
29 जून को मौसम और भी ज्यादा सक्रिय रहेगा। सुबह से लेकर शाम तक बारिश की संभावना बनी रहेगी। इस दिन अधिकतम तापमान घटकर 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
30 जून को हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन इस दिन के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं, 1 जुलाई को भी गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन उस दिन भी कोई अलर्ट नहीं है।
2 और 3 जुलाई को भी मौसम सुहावना रह सकता है। बारिश या गरज-चमक संभव है, मगर दोनों दिन भी “नो वार्निंग” की स्थिति रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
पूरे सप्ताह दिल्ली-एनसीआर में तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है। इससे लोगों को तेज गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।


