“मध्यप्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में मादा चीता “वीरा” ने दो नए शावकों को जन्म दिया है। इस खुशी के मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर चीतों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।”
दिनाँक 05/02/2025 नई दिल्ली
मध्यप्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में मादा चीता “वीरा” ने दो नन्हें शावकों को जन्म दिया है, जिससे प्रदेश में चीतों की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है। इस खुशी के मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा, “नन्हें चीतों की किलकारी से फिर गूंजा कूनो.. मध्यप्रदेश की ‘जंगल बुक’ में 2 चीता शावकों की दस्तक।”
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शावकों की तस्वीर भी साझा की और प्रदेशवासियों को इन नन्हें शावकों के आगमन पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर चीतों की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है, और आज मादा चीता “वीरा” द्वारा जन्मे शावकों का स्वागत प्रदेशवासियों द्वारा गर्मजोशी से किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने परियोजना से जुड़े सभी अधिकारियों, चिकित्सकों और फील्ड स्टाफ को उनके अथक परिश्रम के लिए बधाई दी, जिनकी मेहनत से मध्यप्रदेश को अब ‘चीतों की धरती’ के रूप में पहचाना जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि चीतों के कुनबे के बढ़ने से प्रदेश के पर्यटन को नई उड़ान मिल रही है, जिससे रोजगार के नए अवसर उत्पन्न हो रहे हैं।
सीएम यादव ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार वन्यजीवों, विशेष रूप से चीतों के संरक्षण, संवर्धन और पुनर्स्थापन के लिए सदैव तत्पर है।


