‘कांटा लगा’ फेम शेफाली जरीवाला का हार्ट अटैक से निधन, बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री में शोक

दिनाँक 28/06/2025 नई दिल्ली

मुंबई, 28 जून 2025 : सुपरहिट म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ से मशहूर हुईं एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का शुक्रवार देर रात हार्ट अटैक से निधन हो गया। वह 42 साल की थीं। बताया जा रहा है कि अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के बेलव्यू मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनका निधन हो गया।

शेफाली को उनके पति और टीवी एक्टर पराग त्यागी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। उनके साथ तीन और लोग भी मौजूद थे। अस्पताल के स्टाफ ने बताया कि जब शेफाली को लाया गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पराग त्यागी को अस्पताल के बाहर बेहद मायूस और टूटे हुए हालत में देखा गया। जब मीडिया ने उन्हें कैमरे में कैद करने की कोशिश की तो वह अपना चेहरा हाथ से छुपाते नजर आए। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

शेफाली जरीवाला के अचानक हुए निधन की खबर से उनके दोस्तों और फैंस में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्रिटी उनकी मौत पर दुख और हैरानी जाहिर कर रहे हैं। मीका सिंह, अली गोनी, काम्या पंजाबी, राजीव अदतिया समेत कई सेलेब्रिटीज ने शेफाली को श्रद्धांजलि दी और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्हें याद किया।

शेफाली जरीवाला ने ‘कांटा लगा’ गाने से रातों-रात पहचान बनाई थी और इसके बाद कई म्यूजिक वीडियो, टीवी शो और रियलिटी शोज में भी नजर आईं। उनके जाने से इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों को गहरा झटका लगा है।

More From Author

भारत को 2029 वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स की मेजबानी, गृह मंत्री अमित शाह ने जताई खुशी

दिल्ली-एनसीआर में मानसून सक्रिय, IMD ने 28-29 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया