भारत को 2029 वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स की मेजबानी, गृह मंत्री अमित शाह ने जताई खुशी

दिनाँक 28/06/2025 नई दिल्ली

भारत को 2029 में होने वाले प्रतिष्ठित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स की मेजबानी का मौका मिला है। इस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खुशी जताते हुए कहा कि यह हर भारतीय के लिए गर्व का पल है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में तैयार की गई मजबूत खेल अवसंरचना की वैश्विक मान्यता बताया।

गृह मंत्री ने खासतौर पर अहमदाबाद को इस आयोजन का स्थल चुने जाने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि यह शहर की खेल जगत में बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रमाण है। अमित शाह ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) पोस्ट में लिखा, “भारत को प्रतिष्ठित 2029 वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स की मेजबानी सौंपा जाना हर भारतीय के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। यह हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में निर्मित भव्य खेल ढांचे की वैश्विक स्तर पर मान्यता है। अहमदाबाद को आयोजन स्थल चुना जाना इसे अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर स्थापित करता है।”

क्या है वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स?
ये खेल हर दो साल में होते हैं और इनमें दुनियाभर के पुलिसकर्मी, अग्निशमनकर्मी, आपातकालीन सेवा और अन्य फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स हिस्सा लेते हैं। इसकी शुरुआत 1985 में हुई थी और अब तक इसके 20 संस्करण हो चुके हैं। अमेरिका, कनाडा, यूरोप, ब्रिटेन और चीन जैसे देशों में इसका आयोजन हो चुका है।

भारत की भागीदारी और अब तक की उपलब्धि
भारत ने पहली बार 2007 में इन खेलों में हिस्सा लिया था। इसके बाद से अब तक भारत ने 8 संस्करणों में भाग लेकर 1400 से ज्यादा पदक अपने नाम किए हैं। सबसे शानदार प्रदर्शन 2023 में कनाडा के विनिपेग में हुआ, जहां भारतीय पुलिस के 133 खिलाड़ियों ने कुल 343 पदक जीते।

कैसे होता है टीम का चयन?
भारतीय टीम का चयन हर साल होने वाले ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है। इसका संचालन ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड करता है, जिसमें देश के केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, राज्य पुलिस बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियां शामिल हैं।

भारत के लिए गौरव का अवसर
भारत को इस आयोजन की मेजबानी मिलना न केवल देश की खेल क्षमता का सबूत है, बल्कि पुलिस और आपातकालीन सेवा में लगे कर्मियों के समर्पण व हुनर को भी दुनिया के सामने लाने का सुनहरा मौका है।

More From Author

बिहार बना देश का पहला राज्य, नगरपालिकाओं में हो रही ई-वोटिंग

‘कांटा लगा’ फेम शेफाली जरीवाला का हार्ट अटैक से निधन, बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री में शोक