दिनाँक 23/03/2025 नई दिल्ली
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने कहा कि उनकी भारत यात्रा से दोनों देशों के बीच साझेदारी और मजबूत हुई है। लक्सन 16 से 20 मार्च तक भारत दौरे पर थे, जहां उन्होंने नई दिल्ली और मुंबई का दौरा किया। भारत से लौटने के बाद लक्सन ने कहा, “भारत, जो दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश है, न्यूजीलैंड का अहम साझेदार बनता जा रहा है। मेरी इस यात्रा से हमारे संबंध और मजबूत हुए हैं।”
व्यापार और रक्षा सहयोग पर हुई बड़ी चर्चा
इस दौरे के दौरान लक्सन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों देशों ने व्यापारिक संबंध मजबूत करने पर सहमति जताई और व्यापक मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के लिए वार्ता शुरू करने का फैसला किया। इस समझौते से भारत और न्यूजीलैंड के बीच आर्थिक सहयोग को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा, रक्षा सहयोग के लिए भी एक महत्वपूर्ण समझौता हुआ। इसका उद्देश्य समुद्री सुरक्षा और संचार मार्गों की रक्षा को मजबूत करना है। लक्सन ने कहा कि समुद्री सुरक्षा को लेकर दोनों देशों के बीच नियमित बातचीत जरूरी है।
2016 के बाद किसी न्यूजीलैंड पीएम का पहला भारत दौरा
लक्सन की यह यात्रा खास थी क्योंकि 2016 के बाद पहली बार किसी न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री ने भारत का दौरा किया। उनके साथ पर्यटन मंत्री लुईस अप्सटन, जातीय समुदाय और खेल मंत्री मार्क मिशेल, व्यापार और निवेश मंत्री टॉड मैक्ले सहित एक उच्च-स्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया था।
शिक्षा, कृषि और पर्यटन में बढ़ेगा सहयोग
इस यात्रा के दौरान शिक्षा, प्रौद्योगिकी, पर्यटन, निवेश, मैन्युफैक्चरिंग, खाद्य और कृषि जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया। कुल 33 समझौते हुए, जो दोनों देशों के बढ़ते व्यावसायिक संबंधों को दर्शाते हैं। लक्सन ने कहा कि “इस यात्रा से भारत और न्यूजीलैंड के संबंध आर्थिक और रणनीतिक रूप से और मजबूत होंगे, जिससे दोनों देशों को फायदा होगा।”


