“इस जीत के साथ भारत ने वनडे सीरीज में इंग्लैंड का पूरी तरह सफाया कर दिया और चैंपियंस ट्रॉफी से पहले अपना दमखम दिखाया।”
दिनाँक 13/02/2025 नई दिल्ली
भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इंग्लैंड को 142 रनों से हराकर तीन मैचों की वनडे सीरीज 3-0 से जीत ली। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 356 रन बनाए, जिसमें शुभमन गिल ने 112 रनों की शानदार पारी खेली। श्रेयस अय्यर (78) और विराट कोहली (52) ने भी उपयोगी योगदान दिया। इस जीत के साथ भारत 19 फरवरी से शुरू होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी के लिए आत्मविश्वास से भर गया है।
इंग्लैंड की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 214 रन पर सिमट गई। शुरुआत अच्छी रही, लेकिन अर्शदीप सिंह ने फिल सॉल्ट (23) और बेन डकेट (34) को आउट कर भारत को वापसी दिलाई। इंग्लैंड की ओर से टॉम बैनटन (38), जो रूट (24) और हैरी ब्रूक (19) कुछ देर टिके, लेकिन बड़े स्कोर नहीं बना सके। गस एटकिंसन ने 19 गेंदों में 38 रन की तेज पारी खेली, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके।
भारत के सभी गेंदबाजों को विकेट मिले। अर्शदीप, हर्षित राणा, अक्षर पटेल और हार्दिक पांड्या ने दो-दो विकेट लिए, जबकि वाशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला। शुभमन गिल को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इस जीत के साथ भारत ने वनडे सीरीज में इंग्लैंड का पूरी तरह सफाया कर दिया और चैंपियंस ट्रॉफी से पहले अपना दमखम दिखाया।












