Satvik Samachar

सत्य और भरोसे की खबर

नई दिल्ली में शुरू हुआ ‘भारत 6G 2025’ सम्मेलन, भारत बनेगा 6G तकनीक में अग्रणी

दिनाँक 15/05/2025 नई दिल्ली

नई दिल्ली में आज से ‘भारत 6G 2025’ अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनी का तीसरा संस्करण शुरू हो गया है। इस कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने किया। इस मौके पर भारत समेत कई देशों की जानी-मानी दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

डॉ. पेम्मासानी ने कहा कि भारत आने वाले समय में 6G तकनीक के क्षेत्र में दुनिया का नेतृत्व करेगा। उन्होंने बताया कि सरकार ‘भारत 6G एलायंस’ जैसी कई योजनाओं पर काम कर रही है, ताकि अनुसंधान, तकनीकी विकास और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा मिल सके।

सम्मेलन में ‘भारत 6G विज़न’ पर विस्तार से चर्चा की गई। इसका लक्ष्य है कि भारत 2030 तक 6G तकनीक के डिज़ाइन और विकास में अग्रणी बन जाए। यह विज़न सामर्थ्य, स्थिरता और सर्वव्यापकता जैसे सिद्धांतों पर आधारित है, ताकि सभी तक तेज़ और सुलभ इंटरनेट सेवाएं पहुंचाई जा सकें।