दिनाँक 02/06/2025 नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय वायु परिवहन संघ (IATA) की 81वीं वार्षिक आम बैठक को संबोधित करेंगे। यह सम्मेलन 1 से 3 जून तक चलेगा, जिसमें विमानन उद्योग से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
1983 के बाद पहली बार भारत में आयोजन
दिलचस्प बात यह है कि यह सम्मेलन करीब 41 साल बाद भारत में हो रहा है। इसकी मेजबानी इस बार देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो कर रही है।
दुनिया भर से 1700 से ज़्यादा प्रतिनिधि जुटे
सम्मेलन में दुनियाभर से 1700 से ज्यादा प्रतिनिधि, सीईओ, नीति निर्माता और मीडिया के लोग हिस्सा ले रहे हैं। इस आयोजन में वैश्विक विमानन उद्योग में उभरते भारत की भूमिका और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा होगी।
पीएम मोदी होंगे मुख्य वक्ता
प्रधानमंत्री मोदी इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता होंगे। इसके साथ ही सम्मेलन के दौरान वर्ल्ड एयर ट्रांसपोर्ट समिट भी होगा, जिसमें सतत विकास, तकनीकी नवाचार और वैश्विक कनेक्टिविटी जैसे अहम विषयों पर विमर्श किया जाएगा।
भारत का विमानन क्षेत्र तेजी से कर रहा विकास
भारत का विमानन उद्योग लगातार नई ऊंचाइयां छू रहा है। यह क्षेत्र करीब 3.7 लाख लोगों को सीधे रोजगार देता है और देश की अर्थव्यवस्था में 5.6 अरब डॉलर का योगदान करता है। पर्यटन और अन्य अप्रत्यक्ष प्रभावों को जोड़ दें तो इससे करीब 77 लाख लोगों को रोजगार और 53.6 अरब डॉलर का फायदा होता है, जो भारत के जीडीपी का लगभग 1.5% है।


