AMU में होली मिलन की अनुमति नहीं, करणी सेना ने दी 10 मार्च को अंदर घुसकर होली खेलने की चेतावनी
दिनाँक 07/03/2025 नई दिल्ली
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में होली मिलन समारोह की अनुमति न मिलने पर विवाद खड़ा हो गया है। कुछ हिंदू छात्रों ने प्रशासन पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा है कि अगर अनुमति नहीं मिली, तो वे इस मामले को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक ले जाएंगे।
AMU के मास्टर डिग्री छात्र अखिल कौशल ने 25 फरवरी को 9 मार्च को एनआरएससी क्लब में होली मिलन समारोह आयोजित करने की अनुमति मांगी थी। छात्रों ने कुलपति को संबोधित एक पत्र प्रॉक्टर वसीम अली को सौंपा था, लेकिन प्रशासन ने परिसर के अंदर कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार कर दिया। विश्वविद्यालय का कहना है कि पहले कभी किसी विशेष होली कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी गई, इसलिए इस बार भी इसे मंजूरी नहीं दी जाएगी। विश्वविद्यालय में आमतौर पर छात्र अपने-अपने विभागों और छात्रावासों में होली मनाते हैं, लेकिन किसी विशेष समारोह को अनुमति नहीं दी जाती।
इस फैसले के खिलाफ अखिल भारतीय करणी सेना ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि “अगर इजाजत नहीं मिली, तो 10 मार्च को हम AMU में घुसकर होली मनाएंगे।” करणी सेना ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी डीएम को सौंपा है।
इस विवाद पर समाजवादी पार्टी के नेता आशुतोष वर्मा ने कहा कि “किसी को भी त्योहार मनाने से नहीं रोका जाना चाहिए।” वहीं, उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने इसे गलत बताते हुए कहा कि “अगर कोई विश्वविद्यालय सिर्फ एक धर्म का समर्थन करता है और दूसरे त्योहारों को मनाने से रोकता है, तो इस पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए।”
पूर्व महापौर और भाजपा नेता शकुंतला भारती ने भी विश्वविद्यालय प्रशासन के इस फैसले की आलोचना की और इसे हिंदू छात्रों के साथ भेदभाव बताया।
