हिना खान ने रॉकी जायसवाल से की शादी, कैंसर जंग के बीच लिया प्यार भरा फैसला
दिनाँक 05/06/2025 नई दिल्ली
मुंबई : टीवी की मशहूर एक्ट्रेस हिना खान इन दिनों ब्रेस्ट कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। इसी मुश्किल दौर में उन्होंने एक ऐसा फैसला लिया है, जो साहस और सच्चे प्यार की मिसाल बन गया है। हिना ने अपने लॉन्गटाइम बॉयफ्रेंड रॉकी जायसवाल से शादी कर ली है।
हिना खान ने सोशल मीडिया पर अपनी शादी की तस्वीरें शेयर की हैं। इंस्टाग्राम पोस्ट में उन्होंने लिखा —
“दो अलग-अलग दुनियाओं से, हमने प्यार का एक ब्रह्मांड बनाया। हमारे दिल एक हो गए और एक ऐसा बंधन बना जो जीवनभर रहेगा। आज हमारा मिलन प्यार और कानून दोनों रूप से हमेशा के लिए जुड़ गया है। हम पत्नी और पति के रूप में सबका आशीर्वाद चाहते हैं।”
हिना और रॉकी की लव स्टोरी किसी से छिपी नहीं है। दोनों कई सालों से एक-दूसरे के साथ हैं। जब हिना की बीमारी की खबरें सामने आईं, तब रॉकी हर वक्त उनके साथ खड़े रहे। दोनों की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, जिसमें रॉकी हिना का हौसला बढ़ाते और उनका ख्याल रखते नजर आए।
फैंस और सेलेब्स दोनों ही इस कपल को ढेर सारा प्यार और शुभकामनाएं दे रहे हैं। कैंसर जैसी जंग के बीच हिना और रॉकी की ये शादी वाकई प्यार और हिम्मत की मिसाल बन गई है।
