भारत-पाक तनाव के बीच हाई अलर्ट, दिल्ली समेत देशभर में सुरक्षा कड़ी
दिनाँक 09/05/2025 नई दिल्ली
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच देशभर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, भारत की वायु रक्षा प्रणाली ने पाकिस्तान के 3 लड़ाकू विमानों — एक F-16 और दो JF-17 — को मार गिराया। इसके अलावा, पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मौजूद AWACS (एयरबोर्न वॉर्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम) को भी ढेर कर दिया गया। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर और राजस्थान के जैसलमेर में भी ड्रोन हमलों को नाकाम किया गया। अखनूर और पुंछ में कामिकेज़ ड्रोन गिराए गए।
दिल्ली में सख्त सुरक्षा व्यवस्था
देशभर के हालात को देखते हुए दिल्ली में भी हाई अलर्ट है। इंडिया गेट पर घूमने वालों को वहां से हटा दिया गया और ट्रैफिक को कंट्रोल किया गया। पुलिस ने कहा कि “ये सामान्य सुरक्षा प्रक्रिया है।” दिल्ली के उपायुक्त देवेश महला ने बताया कि कोई नई बात नहीं है, सुरक्षा का रूटीन अभ्यास चल रहा है। लेकिन एहतियातन शहर के सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।
बैठकें और तैयारियां
जिला मजिस्ट्रेट, स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन टीमों ने तैयारियों की समीक्षा की। पूर्वी दिल्ली प्रशासन ने आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र का विश्लेषण किया। पुलिस ने रात में गश्त बढ़ा दी है और सभी संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। अर्धसैनिक बल भी तैनात किए गए हैं।
देशभर में अलर्ट
पंजाब, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, गुजरात, और दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सरकार और सेना हालात पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
