दिनाँक 24/05/2025 नई दिल्ली
कुल्लू, 24 मई — कुल्लू जिले के छोटे से गांव पढ़ेई के रहने वाले हवलदार सुशील कुमार ने भारत की सबसे ऊंची और दुनिया की तीसरी सबसे ऊंची चोटी कंचनजंगा (8,586 मीटर) पर सफलतापूर्वक तिरंगा फहराया है।
सुशील ने यह अभियान राष्ट्रीय पर्वतारोहण और साहसिक खेल संस्थान (NIMAS) की टीम के सदस्य के तौर पर पूरा किया। इस ऐतिहासिक अभियान का नेतृत्व मशहूर पर्वतारोही कर्नल रणवीर सिंह जामवाल ने किया और इसे ‘हर शिखर तिरंगा’ मिशन के तहत चलाया गया था, जिसका मकसद देश-विदेश की ऊंची चोटियों पर तिरंगा फहराना है।
सुशील कुमार भारतीय सेना के अनुभवी पर्वतारोही हैं और अब तक 12 सालों में 15 से ज़्यादा पर्वतारोहण अभियानों का हिस्सा रह चुके हैं। कंचनजंगा की इस चढ़ाई के बाद सुशील ने कहा कि यह सिर्फ़ उनका निजी सपना नहीं था, बल्कि कुल्लू, हिमाचल प्रदेश, भारतीय सेना और पूरे देश का प्रतिनिधित्व करने का एक गर्व का मौका था।
उनकी इस उपलब्धि की पूरे साहसिक खेल समुदाय में सराहना हो रही है। यह कामयाबी हिमाचल के युवाओं को भी पर्वतारोहण और एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए प्रेरित करेगी। सुशील ने साबित कर दिया कि अनुशासन, मेहनत और देशभक्ति से कोई भी ऊंचाई हासिल की जा सकती है।









