गोविंदा की पत्नी सुनीता का बड़ा बयान — कहा, ‘गलत लोगों की वजह से डूब रहा है करियर’
दिनाँक 08/06/2025 नई दिल्ली
मुंबई : बॉलीवुड के हीरो नंबर 1 गोविंदा भले ही लंबे वक्त से बड़े पर्दे से दूर हैं, लेकिन उनकी पत्नी सुनीता आहूजा अक्सर अपने बयानों की वजह से सुर्खियों में रहती हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में सुनीता ने गोविंदा के करीबी दोस्तों और टीम पर करियर बर्बाद करने का आरोप लगाया है।
सुनीता ने कहा, “गोविंदा के पास चार लोग हैं — एक राइटर, एक म्यूजिशियन, एक सेक्रेटरी और एक लॉयर। ये सिर्फ वाह-वाह करते हैं, सच्चाई कोई नहीं बताता। जब मैं सच बोलती हूं तो नाराज हो जाते हैं।”
उन्होंने साफ कहा कि दुनिया ओटीटी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पहुंच गई है, लेकिन गोविंदा अब भी 90 के दशक के उसी पुराने ढर्रे पर चल रहे हैं। सुनीता ने कहा, “मैं बार-बार समझा चुकी हूं कि अब ज़माना बदल चुका है, लेकिन वो अपने ‘वाह-वाह प्रोडक्शन’ में ही खुश हैं।”
गोविंदा ने 80 और 90 के दशक में ‘कुली नंबर 1’, ‘पार्टनर’ और ‘दूल्हे राजा’ जैसी सुपरहिट फिल्में दी थीं। सुनीता ने कहा कि प्रतिभा की कमी नहीं है, बस सही टीम और ईमानदार सलाह देने वालों की ज़रूरत है।
