ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट: गौतम अडानी ने पेश किया 2.1 लाख करोड़ रुपये के निवेश का खाका
“अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने भोपाल में ‘इन्वेस्ट मध्य प्रदेश’ सम्मेलन के दौरान 1.10 लाख करोड़ रुपये के नए निवेश की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस निवेश से 2030 तक राज्य में 1.2 लाख से ज्यादा नौकरियां मिलेंगी।”
दिनाँक 25/02/2025 नई दिल्ली
भोपाल में ‘इन्वेस्ट मध्य प्रदेश’ समिट के दौरान अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी ने 1.10 लाख करोड़ रुपये के बहु-क्षेत्रीय निवेश की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे 2030 तक 1.2 लाख से अधिक नौकरियां पैदा होंगी। अडानी समूह ग्रीनफील्ड स्मार्ट सिटी, हवाई अड्डा परियोजना और कोयला-गैसीकरण परियोजना के लिए भी राज्य सरकार से चर्चा कर रहा है, जिसमें 1 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश हो सकता है।
उन्होंने कहा कि अदाणी समूह पहले ही ऊर्जा, बुनियादी ढांचे, लॉजिस्टिक्स, कृषि और विनिर्माण में 50,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश कर चुका है, जिससे 25,000 से अधिक रोजगार मिले हैं। अडानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी नीतियों ने भारत को वैश्विक स्तर पर अग्रणी बना दिया है। उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसी योजनाओं की तारीफ की और कहा कि भारत अब वैश्विक ट्रेंड्स को परिभाषित कर रहा है।
अडानी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव की भी सराहना की और कहा कि मध्य प्रदेश, निवेश के लिए सबसे तैयार राज्यों में शामिल हो चुका है। उन्होंने राज्य की अर्थव्यवस्था, कारोबार सुगमता और बुनियादी ढांचे के विकास की तारीफ करते हुए इसे तेजी से बढ़ता राज्य बताया।
