Satvik Samachar

सत्य और भरोसे की खबर

भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए हर राज्य का विकास ज़रूरी : पीएम मोदी

दिनाँक 25/05/2025 नई दिल्ली

नई दिल्ली — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नीति आयोग की 10वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक को संबोधित किया। इस बैठक का आयोजन ‘विकसित भारत : 2047 के लिए विकसित राज्य’ विषय पर नई दिल्ली के भारत मंडपम में किया गया था।

अपने भाषण में पीएम मोदी ने कहा कि अगर भारत को विकसित देश बनाना है तो हर राज्य का विकास जरूरी है। उन्होंने कहा, “जब तक सभी राज्य प्रगति नहीं करेंगे, तब तक भारत भी पूरी तरह से विकसित नहीं हो सकता।”

प्रधानमंत्री ने तेजी से बढ़ते शहरीकरण का ज़िक्र करते हुए कहा कि हमें ऐसे शहरों का निर्माण करना होगा, जो भविष्य के लिए तैयार हों। विकास, नवाचार और पर्यावरण की स्थिरता को शहरों की योजना का हिस्सा बनाने की बात भी कही।

पीएम मोदी ने केंद्र और राज्यों से ‘टीम इंडिया’ की तरह एकजुट होकर काम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अगर दोनों मिलकर काम करें तो कोई भी लक्ष्य मुश्किल नहीं होगा।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने देश में पर्यटन को बढ़ावा देने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि हर राज्य को कम से कम एक पर्यटन स्थल को वैश्विक स्तर पर विकसित करना चाहिए, जिससे आसपास के इलाकों का भी विकास होगा।

महिलाओं की भागीदारी पर भी जोर देते हुए उन्होंने कहा कि देश को वर्कफोर्स में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए मजबूत कानून और नीतियां बनानी होंगी।

बैठक में 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए कौशल विकास, रोजगार और उद्यमिता बढ़ाने जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई।