दिल्ली: ‘आप’ के आरोपों पर केंद्रीय मंत्री पुरी का पलटवार, कहा- दिल्ली सरकार जनता को गुमराह कर रही है
“केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दिल्ली में अवैध बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं के खिलाफ अभियान शुरू होने के बाद, उन्हें पनाह देने वालों की परेशानी बढ़ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार अवैध रोहिंग्या बस्तियों को मुफ्त बिजली, पानी और अन्य सुविधाएं दे रही है, और इस तरह दिल्ली के लोगों को गुमराह कर रही है”
दिनाँक 15/12/2024 नई दिल्ली
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और आम आदमी पार्टी (आप) के आरोपों पर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उनके पुराने ट्वीट को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। पुरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए बताया कि उन्होंने पहले ही अवैध रोहिंग्याओं के बारे में स्थिति साफ कर दी थी, लेकिन आम आदमी पार्टी ने इसे नजरअंदाज किया। उन्होंने केजरीवाल पर आरोप लगाया कि वह अवैध रोहिंग्या बस्तियों में मुफ्त सुविधाएं दे रहे हैं और दिल्ली के लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री आतिशी ने केंद्रीय मंत्री पुरी के ट्वीट पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार दिल्ली में रोहिंग्याओं को बसाकर दिल्लीवासियों का हक मार रही है। आतिशी ने यह भी याद दिलाया कि 2022 में केंद्रीय मंत्री पुरी ने खुद माना था कि केंद्र सरकार ने रोहिंग्याओं को बसाया था।
