दिल्ली CM रेखा गुप्ता ने किया औचक निरीक्षण, अधिकारियों को लगाई फटकार
“मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा के वार्ड 55 के शालीमार ग्राम चौक, मैक्स रोड, हैदरपुर ग्राम चौक और अन्य इलाकों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पानी, स्वच्छता और सड़कों की समस्याओं को जल्द हल करने के निर्देश दिए”
दिनाँक 07/03/2025 नई दिल्ली
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया और वहां की पेयजल, स्वच्छता और सड़कों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने वार्ड नंबर 55 के शालीमार ग्राम चौक, मैक्स रोड और हैदरपुर ग्राम चौक समेत कई इलाकों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को पानी, सफाई और सड़क से जुड़ी समस्याओं का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए। स्कूलों और सड़कों की खराब स्थिति देखकर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई और जरूरी सुधार करने को कहा।
CM गुप्ता ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी परेशानियां सुनीं। उन्होंने कहा कि “शालीमार बाग के लोग सीवेज की समस्या से परेशान हैं, नालियां अब तक नहीं बनी हैं, और औद्योगिक क्षेत्र में जरूरी काम भी अधूरे पड़े हैं। बड़े बाजारों में सफाई की समस्या बनी हुई है। पिछली सरकार ने सिर्फ विज्ञापन किए, लेकिन हम इन मुद्दों को हल करने के लिए काम कर रहे हैं।”
बाद में, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि शालीमार बाग के वार्ड नंबर 55 में कार्यकर्ता सम्मान समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं से मिलकर उन्हें खुशी हुई। उन्होंने कहा कि “हमारा लक्ष्य है कि दिल्ली के हर नागरिक को मूलभूत सुविधाएं मिलें, और इसके लिए हम लगातार काम कर रहे हैं।”
