देहरादून: निजी स्कूलों की फीस पर जिला प्रशासन सख्त, स्कॉलर्स होम को फीस कम करने का निर्देश
दिनाँक 18/04/2025 नई दिल्ली
देहरादून, अप्रैल:
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में निजी स्कूलों द्वारा मनमानी फीस बढ़ोतरी की शिकायतों पर अब जिला प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। सीएम हेल्पलाइन, टोल-फ्री नंबर और अन्य माध्यमों से मिल रही शिकायतों के निस्तारण के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर कार्रवाई की जा रही है।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में गठित समिति स्कूलों की फीस की जांच कर रही है और शिकायतों पर सुनवाई की जा रही है। जिन स्कूलों में तय मानकों से अधिक फीस वृद्धि पाई गई है, उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं।
सुनवाई के दौरान स्कॉलर्स होम स्कूल की फीस 12 प्रतिशत तक बढ़ा देने की शिकायत सही पाई गई। समिति ने स्कूल को फीस वृद्धि को अधिकतम 10 प्रतिशत तक सीमित करने का निर्देश दिया है। बाकी तीन स्कूलों की फीस वृद्धि जांच में मानक के अनुसार पाई गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी स्कूलों को आरटीई एक्ट के तहत निर्देश दिया है कि वे तीन साल में अधिकतम 10 प्रतिशत से ज्यादा फीस नहीं बढ़ा सकते। साथ ही स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे किताबों और ड्रेस की सूची स्कूल के नोटिस बोर्ड पर चस्पा करें और उसका प्रचार-प्रसार भी करें, ताकि अभिभावकों को पूरी जानकारी मिल सके।
प्रशासन की यह कार्रवाई अभिभावकों को राहत देने और शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
