सीएम नीतीश ने ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025’ की तैयारियों का लिया जायजा
दिनाँक 27/04/2025 नई दिल्ली
पटना के कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर में होने वाले ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025’ की तैयारियों का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टेडियम, इंडोर स्टेडियम, सेंट्रल कंट्रोल एंड कमांड सेंटर और कॉन्फ्रेंस हॉल समेत पूरे खेल परिसर का निरीक्षण किया।
बता दें कि बिहार में पहली बार ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ का आयोजन होने जा रहा है। ये गेम्स 4 मई से 15 मई तक चलेंगे और इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 मई को करेंगे। इस बड़े आयोजन में देशभर के 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों से 8,500 खिलाड़ी और 1,500 प्रशिक्षक व तकनीकी अधिकारी हिस्सा लेंगे।
इस बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन बिहार के पांच शहरों — पटना, गया, राजगीर, भागलपुर और बेगूसराय में किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ उनके प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, सचिव कुमार रवि, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्रण शंकरण समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
खेल परिसर में तैयारियों को देखकर मुख्यमंत्री ने संतोष जताया और अधिकारियों को आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए।
