सीएम ने महाकुम्भ में लगे स्वच्छताकर्मियों और स्वास्थ्यकर्मियों को 10 हजार रुपए अतिरिक्त बोनस का किया ऐलान
दिनाँक 28/02/2025 नई दिल्ली
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज महाकुंभ में सेवा देने वाले सफाईकर्मियों और स्वास्थ्यकर्मियों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने सभी कर्मियों को उपहार और बीमा प्रमाण पत्र प्रदान किए। साथ ही, घोषणा की कि महाकुंभ में सेवा देने वाले हर सफाईकर्मी और स्वास्थ्यकर्मी को 10,000 रुपये का बोनस मिलेगा।
स्वच्छता कर्मियों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए नई योजना
सीएम योगी ने ऐलान किया कि अप्रैल से सरकार एक नया कॉर्पोरेशन बनाएगी, जिसके तहत ऐसे सभी कर्मियों को हर महीने 16,000 रुपये मिलेंगे। यह राशि डीबीटी (डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर) के जरिए उनके खातों में भेजी जाएगी। इसके अलावा, सभी कर्मियों को आयुष्मान भारत या मुख्यमंत्री जनआरोग्य योजना के तहत 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा भी मिलेगा।
महाकुंभ में स्वच्छता और सुरक्षा की सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ को सफल बनाने में सफाईकर्मियों और स्वास्थ्यकर्मियों की अहम भूमिका रही है। उन्होंने सभी से अपील की कि स्वच्छता अभियान को और तेज किया जाए। योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज की जनता को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने महाकुंभ में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं के स्वागत में कोई कसर नहीं छोड़ी।
प्रयागराज बना स्मार्ट सिटी
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रयागराज अब एक स्मार्ट सिटी के रूप में उभर रहा है। महाकुंभ के बहाने शहर का विकास हुआ और नई सुविधाएं जुड़ीं।
महाकुंभ ने टूरिज्म को दिया नया आयाम
मुख्यमंत्री ने बताया कि महाकुंभ ने उत्तर प्रदेश में आध्यात्मिक टूरिज्म को बढ़ावा दिया है। प्रयागराज से काशी, अयोध्या, चित्रकूट, मथुरा और अन्य धार्मिक स्थलों तक नए टूरिज्म सर्किट तैयार हुए हैं। इससे राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है।
गिनीज बुक में दर्ज हुए रिकॉर्ड
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रयागराज महाकुंभ के दौरान बने तीन गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रमाण पत्र भी सौंपे गए। इनमें नदी सफाई अभियान, सबसे बड़े स्वच्छता अभियान और विशाल हैंडप्रिंट बनाने का रिकॉर्ड शामिल है।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कई मंत्री और अधिकारी मौजूद रहे।
