छत्तीसगढ़ को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में राष्ट्रीय स्तर पर मिला बड़ा सम्मान
दिनाँक 19/04/2025 नई दिल्ली
छत्तीसगढ़ ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। केरल के तिरुवनंतपुरम में शुरू हुई दो दिवसीय राष्ट्रीय समीक्षा बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ को देश के बड़े राज्यों की श्रेणी में “सेकंड बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट” का पुरस्कार मिला।
इसके साथ ही राज्य के दो जिलों – मोहला-मानपुर-चौकी और सक्ति को योजना के तहत बेस्ट परफॉर्मिंग डिस्ट्रिक्ट चुना गया है।
यह सम्मान केंद्र सरकार के कैबिनेट सचिव ने छत्तीसगढ़ के संयुक्त संचालक बी.के. मिश्रा और उपसंचालक (उद्यानिकी) नीरज शाह को प्रदान किया। वहीं, मोहला-मानपुर-चौकी की कलेक्टर तूलिका प्रजापति और सक्ति के कलेक्टर अमृत विकास टोपनो ने अपने-अपने जिलों के लिए यह पुरस्कार प्राप्त किया।
यह सम्मान छत्तीसगढ़ की प्रशासनिक टीम और किसानों के बीच बेहतर समन्वय और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का नतीजा है।
