दिनाँक 04/03/2025 नई दिल्ली
बिहार के उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट पेश किया। बजट से पहले उन्होंने अपने आवास पर पूजा-अर्चना की, जबकि बजट पेश करने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें बधाई दी।
बिहार के विकास के लिए बड़ा बजट
वित्त मंत्री ने बताया कि बिहार लगातार विकास की ओर बढ़ रहा है। इस बार का बजट आकार 3.17 लाख करोड़ रुपए रखा गया है, जो पिछले साल की तुलना में 38,169 करोड़ रुपए ज्यादा है।
सरकार का लक्ष्य और बड़ी घोषणाएं
- अगले वित्तीय वर्ष में 2.60 लाख करोड़ रुपए राजस्व प्राप्ति का लक्ष्य रखा गया है।
- राजकोषीय घाटा 32,718 करोड़ रुपए रहने का अनुमान है।
- शिक्षा के लिए 60,964 करोड़, स्वास्थ्य के लिए 20,335 करोड़, गृह विभाग के लिए 17,831 करोड़, ग्रामीण विकास के लिए 16,093 करोड़ और ऊर्जा विभाग के लिए 13,484 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
- स्कॉलरशिप राशि 1,000 से बढ़ाकर 2,000 रुपए प्रतिमाह कर दी गई है।
महिलाओं के लिए नई योजनाएं
- राज्य के प्रमुख शहरों में “पिंक बस सेवा” शुरू होगी, जिसमें यात्री, चालक और कंडक्टर सभी महिलाएं होंगी।
- महिला वाहन प्रशिक्षण केंद्र खोले जाएंगे, जहां प्रशिक्षक भी महिलाएं ही होंगी।
- पटना में महिलाओं के लिए चलंत व्यायामशाला (मोबाइल जिम) शुरू की जाएगी।
- महिला सिपाहियों के लिए थाने के आसपास आवास की सुविधा दी जाएगी।
कृषि और बुनियादी सुविधाओं पर जोर
- हर अनुमंडल और प्रखंड में कोल्ड स्टोरेज बनाए जाएंगे।
- एमएसपी पर अरहर, मूंग और उड़द दाल की खरीद की जाएगी।
- सभी प्रखंडों में ‘तरकारी सुविधा आउटलेट’ सुधा डेयरी की तर्ज पर खोले जाएंगे।
- सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने का प्रावधान किया गया है।
धार्मिक पर्यटन और परिवहन में सुधार
- छठ पूजा के लिए धार्मिक पर्यटन विकसित किया जाएगा।
- पूर्णिया हवाई अड्डा अगले तीन महीने में शुरू करने की योजना है।
बिहार सरकार के इस बजट में शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, कृषि, बुनियादी ढांचे और परिवहन पर खास ध्यान दिया गया है। इससे राज्य के विकास को और गति मिलेगी।


