दिल्ली चुनाव से पहले बड़ा मोड़: ACB ने केजरीवाल को थमाया नोटिस, 5 सवालों के मांगे जवाब
“एसीबी ने नोटिस में कहा कि दिल्ली की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा, जीएनसीटी आम आदमी पार्टी के विधायकों को रिश्वत की पेशकश के आरोपों की जांच कर रही है। ये आरोप बेहद गंभीर हैं और इसलिए मामले में सच्चाई स्थापित करने के लिए एसीबी की तत्काल जांच और हस्तक्षेप की आवश्यकता है।”
दिनाँक 08/02/2025 नई दिल्ली
दिल्ली में विधानसभा चुनाव के नतीजों से ठीक एक दिन पहले, शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच सियासी घमासान तेज हो गया। भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) की टीम दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर पहुंची और उन्हें एक कानूनी नोटिस थमाया।
ACB ने केजरीवाल से मांगे 5 सवालों के जवाब
ACB ने केजरीवाल से उनकी उस बयानबाजी पर सबूत मांगे हैं, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि भाजपा चुनाव से पहले AAP उम्मीदवारों की खरीद-फरोख्त करने की कोशिश कर रही है। ACB ने उनसे निम्नलिखित 5 सवालों के जवाब देने को कहा है:
- AAP द्वारा लगाए गए खरीद-फरोख्त के आरोपों के समर्थन में सबूत दें।
- अगर ऐसे आरोप झूठे हैं, तो क्या इससे जनता में डर और अशांति नहीं फैली?
- क्या आप इस बात की पुष्टि करते हैं कि 16 AAP उम्मीदवारों को रिश्वत की पेशकश की गई?
- उन 16 उम्मीदवारों की जानकारी दें, जिन्हें कथित तौर पर रिश्वत के लिए कॉल किए गए।
- रिश्वत की पेशकश करने वालों के फोन नंबर और नाम बताएं।
AAP ने बताया चुनावी दबाव में उठाया गया कदम
ACB की इस कार्रवाई पर AAP ने तीखी प्रतिक्रिया दी। पार्टी के नेताओं का कहना है कि यह सब भाजपा और उपराज्यपाल कार्यालय की मिलीभगत से किया जा रहा है ताकि चुनाव के नतीजों से पहले AAP को डराया जा सके।
AAP नेता संजीव नसियार ने कहा कि ACB के पास पहले कोई कानूनी नोटिस नहीं था। वे केवल केजरीवाल के घर के बाहर बैठे रहे। बाद में, दबाव में आकर डेढ़ घंटे बाद नोटिस दिया गया। AAP का दावा है कि 16 से ज्यादा उम्मीदवारों को पार्टी छोड़ने का दबाव बनाया गया, लेकिन सभी ने भाजपा के प्रस्ताव को ठुकरा दिया। अब सबकी नजरें शनिवार को आने वाले दिल्ली चुनाव के नतीजों पर टिकी हैं।
