दिनाँक 20/08/2025 नई दिल्ली
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पटना के 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ से बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत राशि दी। उन्होंने डीबीटी के जरिए 12 जिलों के 6 लाख 51 हजार 602 परिवारों को 7-7 हजार रुपये की दर से कुल 456 करोड़ 12 लाख रुपये का भुगतान किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने हाल ही में बाढ़ प्रभावित जिलों का हवाई सर्वेक्षण किया था और अधिकारियों को राहत व बचाव कार्य तेज़ी से करने का निर्देश दिया था। उन्होंने कहा कि राज्य के खजाने पर सबसे पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का है। साथ ही अधिकारियों को सतर्क रहने और सितंबर में संभावित बारिश व बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि गंगा नदी के जलस्तर बढ़ने से 12 जिलों में 66 प्रखंड प्रभावित हुए हैं और लगभग 38 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। अब तक 2.19 लाख पॉलीथीन शीट्स और 57 हजार 639 ड्राई राशन पैकेट बांटे गए हैं।
वर्तमान में 14 बाढ़ राहत शिविर चल रहे हैं, जिनमें करीब 15 हजार लोग रह रहे हैं। सामुदायिक रसोई में अब तक 85 लाख से अधिक लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया है। शिविरों में इंसानों और पशुओं दोनों के इलाज की भी व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम में आपदा प्रबंधन मंत्री विजय कुमार मंडल, मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रभावित जिलों के जिलाधिकारी भी जुड़े।


