भदोही: लापता किशोरी की झाड़ियों में मिली लाश
“लापता किशोरी की झाड़ियों में मिली लाश पुलिस ने घटनास्थल से शव को बरामद कर जांच शुरू कर दी है”
Bhadohi 01/12/2024 Report By – प्रवीन शर्मा
भदोही : जानकारी के अनुसार राजकुमार विश्वकर्मा की 11 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी 24 नवंबर की रात गांव निवासी ओमप्रकाश पाल के पुत्री कंचन की शादी में परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गयी थी। मृतका की मां दीपशिखा ने बताया कि परिवार के अन्य सदस्य खाना खाकर वापस घर चले गए, लेकिन लक्ष्मी नहीं लौटी। इससे लोगों की चिंता बढ़ गई। आधी रात से ही परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
दूसरे दिन संभावित स्थानों पर तलाश करने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दावा किया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर बालिका की तलाश की जा रही थी। शुक्रवार की दोपहर झाड़ियों में दुर्गंध आने की शिकायत मिलने पर जब लोग उधर बढ़े तो किशोरी का क्षत-विक्षत शव देखकर सन्न रह गए। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को झाड़ियों से बाहर निकाला।
पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी है, और उम्मीद है कि जल्द ही सच सामने आएगा।
