“इस बिक्री में हेलीकॉप्टरों के लिए जरूरी पुर्जे, उपकरण और तकनीकी सहायता शामिल है। इसका मकसद भारत की सैन्य क्षमताओं को मजबूत करना और भारत-अमेरिका रक्षा सहयोग को और गहरा करना है”
वॉशिंगटन अमेरिका : बाइडन प्रशासन ने अमेरिका की संसद (कांग्रेस) को बताया है कि उसने भारत को एमएच-60आर मल्टी-मिशन हेलीकॉप्टर और उससे जुड़े उपकरण बेचने की मंजूरी दी है। इस सौदे की कुल लागत 1.17 अरब डॉलर आंकी गई है।यह बिक्री भारत की पनडुब्बी रोधी युद्ध क्षमताओं को बेहतर बनाएगी और भविष्य के खतरों से निपटने में मदद करेगी। इस सौदे का मुख्य अनुबंध अमेरिका की कंपनी लॉकहीड मार्टिन के साथ होगा।
भारत ने इन हेलीकॉप्टरों के साथ 30 मल्टीफंक्शनल सूचना वितरण सिस्टम (एमआईडीएस-जेटीआरएस) खरीदने का प्रस्ताव भी रखा है। सौदे के तहत अमेरिकी सरकार और संबंधित कंपनियों के 20-25 प्रतिनिधियों को तकनीकी सहायता के लिए भारत आना होगा।बाइडन प्रशासन ने यह मंजूरी अपने कार्यकाल के आखिरी महीनों में दी है। 20 जनवरी 2025 को डोनाल्ड ट्रंप नए अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे।
डिस्क्लेमर: सात्विकसमाचार ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


