Satvik Samachar

सत्य और भरोसे की खबर

यमुना नदी पर क्रूज पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केंद्र और दिल्ली सरकार में समझौता

दिनाँक 13/03/2025 नई दिल्ली

दिल्ली की यमुना नदी पर जल्द ही फेरी सेवा और क्रूज पर्यटन शुरू होगा। इसके लिए दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार के बीच समझौता हुआ है। इस परियोजना का मकसद सोनिया विहार से जगतपुर तक यमुना नदी के 4 किलोमीटर के जलमार्ग को पर्यटन और परिवहन के लिए विकसित करना है।

यमुना पर पर्यावरण-अनुकूल क्रूज सेवा

इस परियोजना के तहत बिजली-सौर ऊर्जा से चलने वाली हाइब्रिड नावें चलाई जाएंगी, जो 20-30 यात्रियों को ले जाने में सक्षम होंगी। इनमें बायो-टॉयलेट, लाइफ जैकेट और सार्वजनिक घोषणा प्रणाली जैसी सुविधाएं होंगी। क्रूज के संचालन के लिए नदी में दो एचडीपीई जेटी भी बनाई जाएंगी।

प्रधानमंत्री मोदी के विजन का हिस्सा

केंद्रीय जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के जलमार्गों का कायाकल्प किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह क्रूज पर्यटन यमुना को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ-साथ दिल्ली में पर्यटन को भी बढ़ावा देगा।

दिल्ली की मुख्यमंत्री का बयान

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस पहल का स्वागत किया और कहा कि इससे दिल्लीवालों को एक नया और अनूठा अनुभव मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार यमुना को स्वच्छ और निर्मल बनाने के संकल्प पर अडिग है और जल्द ही दिल्ली में गंगा जी की तर्ज पर भव्य यमुना आरती का आयोजन किया जाएगा।

दिल्ली के पर्यटन और आर्थिक विकास को बढ़ावा

इस परियोजना से दिल्ली में जल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा, पर्यटन को नई ऊंचाइयां मिलेंगी, और पर्यावरणीय विकास को गति मिलेगी। साथ ही, यमुना किनारे रहने वाले लोगों की आजीविका में भी सुधार होगा।