सुल्तानपुर की अदीबा खुर्शीद ने 99.2% अंक हासिल कर रचा इतिहास, बिना कोचिंग के पाई सफलता
दिनाँक 13/05/2025 नई दिल्ली
सुल्तानपुर : सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में 99.2 प्रतिशत अंक हासिल कर सुल्तानपुर की हसनपुर गांव की बेटी अदीबा खुर्शीद ने जिले का नाम रोशन किया है। अदीबा ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों और अपनी मेहनत को दिया है। उसने कहा कि छात्र-छात्राओं को शिक्षकों को दोष देने के बजाय उनसे सीखने की प्रवृत्ति रखनी चाहिए, यही कामयाबी की असली कुंजी है।
अदीबा के पिता खुर्शीद अहमद रामपुर दुलैचा प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं। अदीबा ने हाईस्कूल तक की पढ़ाई सूर्य अकैडमी में की और किसी भी कोचिंग या ट्यूशन का सहारा नहीं लिया। अब वह दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया की प्रवेश परीक्षा में नौवीं रैंक हासिल कर चुकी है।
विद्यालय की प्रबंधक रंजना शंकर ने अदीबा की इस उपलब्धि पर स्कूल में मिठाई बांटकर और माला पहनाकर सभी का उत्साह बढ़ाया। स्कूल में भी खुशी का माहौल देखने को मिला। अदीबा का सपना आईआईटी में दाखिला लेकर एक कुशल इंजीनियर बनना और देश सेवा करना है। उसकी मेहनत और लगन आज सभी के लिए मिसाल बन गई है।
