दिल्ली में भाजपा सरकार बनते ही AAP की बड़ी मांग, पूर्व सीएम आतिशी ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
“आतिशी ने कहा कि आज दिल्ली की सभी महिलाएँ इंतज़ार कर रही हैं कि आज BJP सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने का फ़ैसला लिया जाएगा और 8 मार्च तक पहली किस्त भी आ जाएगी।”
दिनाँक 21/02/2025 नई दिल्ली
रेखा गुप्ता बनीं दिल्ली की मुख्यमंत्री, AAP ने महिलाओं के लिए 2500 रुपये देने की मांग उठाई
रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली में भाजपा सरकार का गठन हो चुका है। गुरुवार को उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने रामलीला मैदान में एक भव्य समारोह में रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। उनके साथ दिल्ली सरकार के नए मंत्रियों ने भी शपथ ली।
आतिशी ने भाजपा सरकार से वादा निभाने की अपील की
पूर्व मुख्यमंत्री और AAP नेता आतिशी ने रेखा गुप्ता को बधाई देते हुए भाजपा से महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने के वादे को पूरा करने की मांग की। उन्होंने कहा, “दिल्ली की सभी महिलाएं इंतजार कर रही हैं कि आज भाजपा सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में इस योजना को मंजूरी मिले और 8 मार्च तक पहली किस्त उनके खाते में आ जाए।”
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद कहा था कि सभी महिलाएं अपने फोन नंबर को बैंक खाते से लिंक करा लें ताकि 8 मार्च को उनके खाते में 2500 रुपये आ सकें। आतिशी ने रेखा गुप्ता से अपील की कि एक महिला मुख्यमंत्री के रूप में वह इस वादे को जरूर पूरा करें।
भव्य शपथ ग्रहण समारोह में कई दिग्गज नेता शामिल
रामलीला मैदान में हुए इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत भाजपा के कई बड़े नेता शामिल हुए। इसके अलावा, राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी इस ऐतिहासिक मौके के साक्षी बने।
रेखा गुप्ता ने संभाला मुख्यमंत्री पद का कार्यभार
शपथ लेने के बाद रेखा गुप्ता ने दिल्ली सचिवालय पहुंचकर मुख्यमंत्री पद का कार्यभार संभाला। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार चुनाव में किए गए हर वादे को पूरा करेगी। दिल्ली को देश की राजधानी होने के नाते नंबर-1 शहर बनाना हमारी प्राथमिकता होगी।”
अब सबकी नजरें नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक पर टिकी हैं, जहां यह देखा जाएगा कि भाजपा अपने चुनावी वादों को पूरा करने के लिए कौन-कौन से फैसले लेती है।
