दिनाँक 27/06/2025 नई दिल्ली
विश्व प्रसिद्ध श्री जगन्नाथ रथ यात्रा का आयोजन शुक्रवार को पुरी में बड़ी श्रद्धा और धूमधाम के साथ हुआ। भगवान जगन्नाथ अपने भाई बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा के साथ अपने भव्य रथों पर सवार होकर श्री जगन्नाथ मंदिर से गुंडिचा मंदिर के लिए निकले। रथ यात्रा देखने के लिए लाखों श्रद्धालु पुरी पहुंचे, जिनमें देश-विदेश से आए भक्त भी शामिल हैं।
पुरी के जिला मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ स्वैन ने बताया कि यात्रा मार्ग पूरी तरह भक्तों से भरा हुआ है और सभी अनुष्ठान तय समय पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरे किए जा रहे हैं। सुरक्षा के लिए पुलिस बल के साथ-साथ राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम भी तैनात की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत कल रात 6-7 अवैध ड्रोन भी हटाए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्री जगन्नाथ मंदिर और गुंडिचा मंदिर के ऊपर ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं है। एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट नवीन राणा ने बताया कि उनकी टीम हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है और जिला प्रशासन के साथ मिलकर चार मॉक ड्रिल भी की जा चुकी हैं।
इस मौके पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि सभी भक्त आस्था और भक्ति के साथ रथ यात्रा में शामिल हों और भगवान जगन्नाथ के दिव्य दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करें।
तीनों देवता एक सप्ताह तक गुंडिचा मंदिर में रहेंगे और फिर भव्य वापसी यात्रा के बाद श्री जगन्नाथ मंदिर लौट आएंगे।









